IPL 2026: भारतीय क्रिकेट के स्टार खिलाड़ी ऋषभ पंत को लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के फैंस के लिए एक तगड़ी खबर सामने आई है। संजीय गोयनका की फ्रेंचाइजी ने 2026 IPL सीजन से पहले ऋषभ पंत को कप्तानी से हटा दिया है और एडन मार्क्रम को नया कप्तान नियुक्त किया है। यह बदलाव तब हुआ है, जब पिछले सीजन में ऋषभ पंत की कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों ही निराशाजनक साबित हुईं।
लखनऊ सुपर जायंट्स का पिछला सीजन रहा निराशाजनक
IPL 2025 में ऋषभ पंत को 27 करोड़ की भारी-भरकम बोली के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन पंत के नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। LSG ने 8 मैचों में हार का सामना किया और प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना पाई। इसके अलावा, पंत का बल्ला भी नहीं चला। उन्होंने 14 मैचों में 13 पारियां खेलीं, लेकिन 24.45 की औसत से केवल 269 रन ही बना सके।
एडन मार्क्रम को मिली कप्तानी की जिम्मेदारी
अब, IPL 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक बड़ा फैसला लिया है। टीम ने ऋषभ पंत को कप्तानी से हटाकर एडन मार्क्रम को नया कप्तान बना दिया है। यह फैसला काफी चौंकाने वाला था, क्योंकि पंत को टीम के साथ जोड़ने के लिए भारी रकम खर्च की गई थी। फिर भी, पंत की कप्तानी में टीम की हालत ठीक नहीं रही, जिससे इस बदलाव का रास्ता साफ हुआ।
डरबन सुपर जायंट्स में भी एडन मार्क्रम की कप्तानी
एडन मार्क्रम को केवल IPL में ही नहीं, बल्कि साउथ अफ्रीका टी20 लीग 2025-26 (SA20) में भी कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डरबन सुपर जायंट्स ने इस बार अपने कप्तान के रूप में एडन मार्क्रम का चयन किया है। इस खबर का ऐलान फ्रेंचाइजी ने एक अनोखे तरीके से किया। एक वीडियो में दिखाया गया कि समुद्र में एक जहाज लहरों से डगमगा रहा है, लेकिन एडन मार्क्रम उस जहाज को संभालते हुए टीम की दिशा तय कर रहे हैं।
ऑक्शन में एडन मार्क्रम पर खर्च किया भारी पैसा
संजीय गोयनका की फ्रेंचाइजी ने हमेशा खिलाड़ियों पर दांव लगाने में संकोच नहीं किया। IPL 2025 में ऋषभ पंत को खरीदने के लिए उन्होंने 27 करोड़ खर्च किए थे। वहीं, SA20 2025-26 के ऑक्शन में भी उन्होंने एडन मार्क्रम को अपनी टीम में शामिल किया है। डरबन सुपर जायंट्स ने मार्क्रम को 14 मिलियन रैंड (7 करोड़ रुपये से अधिक) में अपनी टीम में लिया है।
क्या एडन मार्क्रम की कप्तानी में डरबन सुपर जायंट्स जीतेगा पहला खिताब?
डरबन सुपर जायंट्स का पिछला सीजन कोई खास नहीं रहा था। केशव महराज की कप्तानी में टीम लीग स्टेज से ही बाहर हो गई थी। हालांकि, फॉफ डुप्लेसिस की कप्तानी में टीम ने 2024 में फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन सनराइजर्स ईस्टर्न केप से हारकर खिताब की दौड़ से बाहर हो गए थे। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या एडन मार्क्रम की कप्तानी में डरबन सुपर जायंट्स अपना पहला खिताब जीतने में सफल होंगे? बता दें कि एडन मार्क्रम SA20 के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 36 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से 22 मैचों में जीत और 13 मैचों में हार मिली है। मार्क्रम की कप्तानी में सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने 2023 और 2024 में दो बार खिताब जीते हैं।
यह देखना दिलचस्प होगा कि एडन मार्क्रम की कप्तानी में डरबन सुपर जायंट्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन कैसा रहता है।